जर्मन युवती ने अगवा करने वालों की शिनाख्त की
चंडीगढ़, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। चंडीगढ़ में बीते रविवार को अपहरण और पांच युवकों पर अगवा कर अपने साथ बलात्कार का प्रयास करने का आरोप लगाने वाली जर्मन युवती ने गुरुवार को शिनाख्त परेड में चार आरोपियों की पहचान कर ली है।
जर्मन युवती ने आरोप लगाया था कि उसे चंडीगढ़ स्थित ताज होटल से रविवार देर रात 2.30 बजे पांच युवकों ने अगवा कर 12 घंटे तक बंधक बनाकर रखा और बलात्कार करने का प्रयास किया। युवती ने कहा था कि युवकों ने उसे जान से मार देने की भी धमकी दी थी।
गुरुवार को शिनाख्त परेड में जर्मन युवती ने जिन चार आरोपियों की शिनाख्त की है वे सभी अंबाला से हैं। सभी को तीन अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में रखा जाएगा। इससे पहले पुलिस ने मंगलवार और बुधवार को दो-दो युवकों को गिरफ्तार किया था।
गौरतलब है कि 20 वर्षीया जर्मन युवती एक विवाह समारोह में हिस्सा लेने के लिए चंडीगढ़ आईं थीं। सोमवार को उसे दिल्ली ले जाया गया था।
घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपियों की शिनाख्त करने के लिए जर्मन युवती गुरुवार को चंडीगढ़ में थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*