प्रधानमंत्री ने नरेगा को ऐतिहासिक कदम बताया
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून (नरेगा) को ऐतिहासिक कदम करार देते हुए सभी राज्य सरकारों से इसे सफल बनाने की अपील की है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "नरेगा एक ऐतिहासिक कानून है। मौजूदा दौर में जब अधिकारों व सामाजिक न्याय के प्रयासों पर जोर दिया जा रहा है, ऐसे में यह कानून देश के आर्थिक इतिहास में मील का पत्थर साबित हो सकता है।"
नरेगा को संप्रग सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि यह गरीब जनता के लिए वरदान की तरह है। आम आदमी की सामाजिक सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था विश्व के किसी और देश में नहीं है।
उन्होंने कहा कि नरेगा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की कल्पना थी। इस योजना का लाभ ले रहे लाखों लोगों का प्रतिदिन उन्हें आशीर्वाद मिलता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*