राजधानी में हर्षोल्लास से मनाई गई ईद
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजधानी में गुरुवार को ईद-उल-फितर का त्योहार परंपरागत हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर हजारों मुसलमानों ने ऐतिहासिक जामा मस्जिद और अन्य मस्जिदों में एकत्र होकर शांति और साप्रदायिक सद्भाव की दुआ करते हुए ईद की नमाज अदा की।
ईद-उल-फितर के अवसर पर सबसे अधिक चहल-पहल जामा मस्जिद में देखी गई। नमाज अदा करने के बाद सभी लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
बैंक कर्मचारी शकील खान ने आईएएनएस को बताया कि वे ईद के दिन रिश्तेदारों और दोस्तों के घर जाएंगे। वहीं एक कॉल सेंटर में काम करने वाले परवेज आलम ने बताया कि ईद पर उन्होंने खुदा से देश में शांति और भाईचारे की दुआ की।
ईद के मौके पर राजधानी के विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*