भारत 'ए' क्रिकेट टीम जीत के करीब
चेन्नई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत 'ए' क्रिकेट टीम एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे चार दिवसीय मैच के चौथे दिन भोजनकाल तक न्यूजीलैंड 'ए' पर जीत के काफी करीब पहुंच चुकी है।
भारत 'ए' द्वारा दिए गए 355 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड 'ए' टीम ने भोजनकाल तक 152 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। भारत 'ए' के ओर से लेग स्पिन गेंदबाज अमित मिश्र और तेज गेंदबाज अशोक ढिंढा ने दो-दो विकेट लिए हैं।
सुबह के सत्र के 10वें ओवर में मिश्र ने भारत 'ए' को उस समय बड़ी सफलता दिलाई, जब उन्होंने मैच के तीसरे दिन मंगलवार को नाबाद लौटे आरोन रेडमंड (37) और कप्तान पीटर फुल्टन (39) को एक के बाद एक चलता कर दिया।
इसके बाद ढिंढा ने चौथे विकेट के लिए जेम्स मार्शल के साथ 58 रनों की साझेदारी करने वाले ग्रेग हे (20) को चलता किया। ढिंढा ने नील ब्रूम का भी विकेट लिया। मार्शल 32 रन पर नाबाद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।