देश के कुछ हिस्सों में ईद मनी, अधिकांश भागों में गुरुवार को मनेगी
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश के कुछ हिस्सों में बुधवार को ईद मनाई गई। जम्मू कश्मीर और केरल में लोगों ने हर्षोल्लास से ईद-उल-फितर मनाया। इन राज्यों में ईद का चांद मंगलवार को ही दिख गया था, लेकिन देश के अधिकांश भागों में ईद गुरुवार को मनाई जाएगी।
बुधवार को जम्मू कश्मीर के विभिन्न इलाकों में लोगों ने ईद मनाई। विभिन्न मस्जिदों में हजारों मुस्लिमों ने नमाज अदा की। श्रीनगर के सभी बाजारों में चहल-पहल देखी गई।
श्रीनगर के ईदगाह मैदान में एक लाख से अधिक लोगों ने ईद की नमाज अदा की। विभिन्न इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जम्मू में भी लोगों ने ईद मनाई।
पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के चाकन दा बाग सीमा पर दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों ने एक दूसरे को ईद की शुभकामनाएं दी। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से लेफ्टिनेंट असद और भारत की ओर से लेफ्टिनेंट मनीष यादव ने हाथ मिलाया और मिठाइयों का आदान-प्रदान किया ।
केरल में भी लोगों ने हर्षोल्लास से ईद मनाई। तिरुवनंतपुरम के चंद्रशेखरन नायर स्टेडियम में भारी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज पढ़ी। राज्य के मुस्लिम बहुल उत्तरी इलाके के बाजारों में सबसे अधिक रौनक देखी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*