ढींढा और मिश्र ने भारत 'ए' की जीत दिलाई
चेन्नई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेज गेंदबाज अशोक ढींढा और लेग स्पिनर अमित मिश्र की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत 'ए' क्रिकेट टीम ने एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए प्रथम चार दिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड 'ए' टीम को 129 रन से हरा दिया।
भारत द्वारा दिए गए 355 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 225 रन पर ढेर हो गई। ढींढा ने 60 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि मिश्र के खाते में तीन विकेट गए।
भारतीय टीम भोजनकाल तक जीत के काफी करीब पहुंच चुकी थी। न्यूजीलैंड 'ए' टीम ने भोजनकाल तक 152 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे।
सुबह के सत्र के 10वें ओवर में मिश्र ने भारत 'ए' को उस समय बड़ी सफलता दिलाई, जब उन्होंने मैच के तीसरे दिन मंगलवार को नाबाद लौटे आरोन रेडमंड (37) और कप्तान पीटर फुल्टन (39) को एक के बाद एक चलता कर दिया।
इसके बाद ढिंढा ने चौथे विकेट के लिए जेम्स मार्शल के साथ 58 रनों की साझेदारी करने वाले ग्रेग हे (20) को चलता किया। ढिंढा ने नील ब्रूम का भी विकेट लिया। मार्शल 47 रन पर बनाकर ढींढा के शिकार बने। इसके बाद न्यूजीलैंड का और कोई बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका।
दो मैचों की श्रंखला का दूसरा मैच 3 से 6 अक्टूबर तक इसी मैदान पर खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।