पाटिल, भुजबल मालेगांव के हालात का जायजा लेने पहुंचे
मालेगांव, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मालेगांव में बम विस्फोट के एक दिन बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री आर.आर.पाटिल और नासिक जिले के प्रभारी मंत्री छगन भुजबल स्थिति की समीक्षा के लिए मंगलवार यहां पहुंचे।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दोनों मंत्री स्थिति की समीक्षा के लिए जिला प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
गौरतलब है कि पुलिस ने पहले कहा था कि शहर के मुख्य स्थल भीक्कू चौक में एक गैस सिलिंडर फटा है लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया कि एक मोटर साइकिल पर रखे गए बम में विस्फोट में चार लोग मारे गए। यह विस्फोट शाम 9.30 बजे हुआ।
घटना के बाद पुलिस को मौके पर एकत्र नाराज लोगों की भीड़ के हमले का सामना करना पड़ा। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को गोली चलाने पर मजबूर होना पड़ा।
मालेगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय पाटिल ने आईएएनएस को बताया कि बम विस्फोट, पथराव और पुलिस गोलीबारी में घायल सभी 79 लोगों को शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इलाके में तनाव के बाद लगाया गया कर्फ्यू मंगलवार सुबह हटा लिया गया। नासिक से आतंकवाद निरोधक दस्ता मालेगांव पहुंच गया है और उसने जांच शुरू कर दी है।
सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील भीक्कू चौक इलाके में तीन मस्जिदें हैं। जिस समय हमला हुआ, उस समय वहां लोग ईद के त्यौहार के मद्देनजर खरीददारी कर रहे थे।
गौरतलब है कि दो वर्ष पहले मालेगांव में चार बम विस्फोट हुए थे। इन हमलों में 31 लोगों की मौत हुई थी और 300 व्यक्ति घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications