भाजपा विधायक के भतीजे के वाहन की चेकिंग पुलिस को महंगी पड़ी
मुरैना, 30 (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुरैना में भारतीय जनता पार्टी के विधायक गजराज सिंह सिकरवार के भतीजे टिंकू सिकरवार के वाहन की चेकिंग करना पुलिस को महंगा पड़ गया। सोमवार की रात को वाहन चेकिंग से गुस्साए टिंकू सिकरवार के समर्थकों ने पहले तो थाने में तोड़फोड़ की दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने पांच पुलिस जवानों को निलंबित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मुरैना में सोमवार की रात को वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान भाजपा विधायक गजराज सिंह सिकरवार के भतीजे टिंकू सिकरवार को पुलिस ने रोककर वाहन की तलाशी ली, तो वे बिफर पड़े। पुलिस जवान और भाजपा नेता के रिश्तेदार के बीच कुछ विवाद भी हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार टिंकू सिकरवार को पुलिस थाने तक ले गई। जब यह जानकारी सिकरवार समर्थक कार्यकर्ताओं को हुई तो उन्होंने कोतवाली को घेर लिया और तोड़फोड़ की। देर रात तक थाने में मजमा लगा रहा और विधायक गजराज सिंह सिकरवार भी थाने पहुंच गए।
मुरैना के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने आईएएनएस को बताया कि विधायक के भतीजे की शिकायत पर पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और थाना प्रभारी को नोटिस दिया गया है। सिंह का कहना है कि पुलिस जवानों ने भी टिंकू पर अभद्रता का आरोप लगाया है जिसकी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications