इंडोनेशिया में शॉपिंग सेंटर से बम बरामद
जकार्ता, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत केंद्रीय सुलावेसी से मंगलवार को एक शॉपिंग सेंटर से बम बरामद किया गया।
यह प्रांत धार्मिक संघर्षो का केंद्र रहा है, जहां पिछले कुछ वर्षो में हिंसा में 1000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
दो बच्चों को यह बम एक कपड़े की दुकान में मिला। इसे प्लास्टिक के थैले में लपेटकर एक विक्रेता की सीट के नीचे रखा गया था।
समाचार पत्र 'जकार्ता पोस्ट' के अनुसार पालु शहर के पुलिस प्रमुख ने बताया कि यह हल्का बम था जिसमें केबल, डेटोनेटर और सेलफोन का उपयोग किया गया था।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार केंद्रीय सुलावेसी प्रांत में ईसाइयों और मुस्लिमों के बीच धार्मिक संघर्ष का लंबा इतिहास है। गौरतलब है कि वर्ष 2000 और 2001 में हुए दंगों में यहां 1000 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
इंडोनेशिया की करीब 22 करोड़ की जनसंख्या में मुस्लिमों का बहुमत होने के बावजूद सुलावेसी और नजदीक के मालुकु प्रांत में काफी अधिक संख्या में ईसाई रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications