इंग्लैंड को खलेगी वॉन की कमी : फ्लेचर
लंदन, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व कोच डंकन फ्लेचर का कहना है कि भारत दौरे में इंग्लिश टीम को माइकल वॉन कमी खलेगी।
इंग्लैंड व वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के केंद्रीय करार में जगह पाने के बावजूद पूर्व कप्तान वॉन को नवंबर-दिसंबर में भारत के साथ खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रंखला के लिए इंग्लिश टीम में शामिल नहीं किया गया है।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'गार्जियन' ने फ्लेचर के हवाले से लिखा है, "इंग्लैंड की टीम को बड़ा झटका लगने वाला है। तमाम नाकामियों के बावजूद वॉन भारत दौरे में काफी कारगर साबित हो सकते थे। उन्हें नहीं चुनना बड़ी भूल हो सकती है।"
फ्लेचर मानते हैं कि भारत में अच्छी बल्लेबाजी करने के लिए दक्षता, संयम और साहस की जरूरत होती है। ये तीनों गुण वॉन में हैं, लिहाजा वे भारत में टीम के लिए अच्छा योगदान दे सकते थे।
बकौल फ्लेचर, "कुछ वर्ष पहले वॉन ने कैंडी में मुथैया मुरलीधरन जैसे दिग्गज गेंदबाज के सामने संयम और दक्षता के दम पर जो मैच जिताऊ पारी खेली थी, भला अहमदाबाद और मुंबई की पिचों पर वैसी पारी खेलने की क्षमता मौजूदा टीम के किस खिलाड़ी में है।"
फ्लेचर मानते है कि इंग्लैंड के बल्लेबाजों में अनिल कुंबले और हरभजन सिंह की विश्वस्तरीय स्पिन का सामना करने की क्षमता नहीं है। उन्होंने कहा, "वॉन को छोड़कर इंग्लैंड का अन्य कोई भी बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजी का अच्छा खिलाड़ी नहीं है। कुंबले और हरभजन के आगे इंग्लिश टीम भरभरा जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications