बांग्लादेश में 2 नावों की टक्कर, 50 लापता व कई घायल
ढाका, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। दक्षिणी बांग्लादेश में एक नदी में दो नौकाओं की आपसी टक्कर में 50 से अधिक लोग लापता हो गए और कई घायल हो गए हैं।
दुर्घटना पतुआखाली जिले की भोगा नदी में मंगलवार तड़के तीन बजे हुई। धुमकी उप जिला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय चक्रवर्ती ने बताया कि यात्रियों से भरी दो नौकाओं की टक्कर के बाद कई यात्री डर से नदी में कूद गए और उनमें से 50 से ज्यादा लापता हैं।
उन्होंने बताया कि लापता और घायलों की वास्तविक संख्या के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। उधर बांग्लादेश के 'आईटीवी' चैनल ने लापता हुए लोगों की संख्या 100 से अधिक बताया है।
इस दुर्घटना में घायल लोगों को जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। नदी के भीषण प्रवाह की वजह से राहत कार्य शुरू होने भी देरी हुई है। दोनों नावों पर सवार यात्री ईद के मौके पर अपने घरों को जा रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।