गुजरात में बम विस्फोट में 1 की मौत
अहमदाबाद, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। गुजरात के साबरकांठा जिले के मोडासा कस्बे में सोमवार देर रात हुए बम विस्फोट में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 12 घायल हो गए। राज्य के गृह मंत्री अमित शाह ने इस संबंध में जानकारी दी।
अहमदाबाद से 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मोडासा कस्बे में सोमवार रात 9.30 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक आए और यहां के सुका बाजार में बम फेंककर फरार हो गए। बम विस्फोट के समय बाजार में काफी भीड़ थी।
गौरतलब है कि मोडासा कस्बा मुस्लिम बहुल इलाका है। शाह ने सोमवार रात आईएएनएस को बताया कि बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
साबरकांठा के जिलाधिकारी एम. थेन्नारासन ने भी एक व्यक्ति के मारे जाने की पुष्टि की है। बम विस्फोट के तुरंत बाद क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications