मालेगांव में बम विस्फोट हुआ था : पुलिस
मालेगांव, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मालेगांव शहर में सोमवार रात को विस्फोट मोटरसाइकिल पर रखे बम की वजह से हुआ था। इसमें चार लोग मारे गए थे और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। यह जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी।
इससे पहले कहा जा रहा था कि नयापुरा इलाके के भीकू चौक पर गैस सिलेंडर फटने से विस्फोट हुआ। विस्फोट के समय वहां बहुत से लोग खरीददारी कर रहे थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय पाटिल ने आईएएनएस को बताया, "बम मोटरसाइकिल पर रखा गया था, जो 9.30 बजे फटा। बम विस्फोट में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।"
पाटिल ने बताया कि घटना की जांच के लिए नासिक से आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) मालेगांव पहुंच चुका है।
उधर, विस्फोट स्थल पर उग्र भीड़ द्वारा पुलिसकर्मियों पर हमला बोल करने से पुलिसकर्मियों समेत छह से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस पर पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए गोली चलानी पड़ी।
घायलों को नजदीक के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। मालेगांव के मेयर नजीबुद्दीन शेख ने बताया कि घायलों में चार की हालत गंभीर बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications