भारत को हराने के प्रति आश्वस्त हैं पोंटिंग
हैदराबाद, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग का कहना है कि टीम के कुछ वरिष्ठ साथियों के सन्यास लेने का उनकी टीम के प्रदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ेगा और अगर भारतीय टीम आगामी टेस्ट श्रृंखला के दौरान आस्ट्रेलिया को हल्के में लेती है तो वह भारी चूक करेगी।
पोंटिंग ने कहा कि भले ही उनकी टीम को अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों का उतना अधिक अनुभव न हो लेकिन कठिन घरेलू प्रतियोगिताओं ने उसके कौशल को निखारने में काफी मदद की है।
पोंटिंग ने यहां संवाददाताओं से कहा, "हमें भारतीय परिस्थितियों का अनुभव नहीं है लेकिन हम उतने अनुभवहीन भी नहीं हैं। हमें अनेक देशों के खिलाफ और देश में भी प्रथम श्रेणी क्रिकेट का खूब अनुभव प्राप्त है।"
उल्लेखनीय है कि मौजूदा आस्ट्रेलियाई टीम के केवल चार सदस्यों पोंटिंग, माइकल क्लार्क, मैथ्यू हेडेन और साइमन काटिच को भारत में टेस्ट खेलने का अनुभव है।
पोंटिंग ने कहा कि शेन वार्न, ग्लेन मैकग्रा और एडम गिलक्रिस्ट जैसे खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में भी टीम मजबूत है। उपरोक्त चारों खिलाड़ियों की मौजूदगी में आस्ट्रेलिया ने भारत को चार वर्ष पहले टेस्ट श्रृंखला में पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications