किसानों के लिए विधेयक लाएगी सरकार : सोनिया
दादरी, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किसानों को आश्वासन दिया है कि भू-अधिग्रहण के मामलों में किसानों के हितों की अनदेखी न हो, इसके लिए सरकार जल्द ही संसद में एक विधेयक लाएगी।
दादरी में आयोजित किसानों की एक रैली को संबोधित करती हुई सोनिया ने मंगलवार को कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने इस क्षेत्र के विकास के लिए नोएडा को चुना और स्वर्गीय राजीव गांधी ने इसके विकास को गति दी। उत्तरप्रदेश में जब भी कोई गैरकांग्रेसी सरकार बनी है, उसने नोएडा क्षेत्र के किसानों की जमीन हड़पने का काम किया है।"
सोनिया ने कहा, "हरियाणा की कांग्रेस सरकार ने किसानों को जमीन के बदले उचित मुआवजा दिया है। वहां की सरकार ने हर योजना के लिए 12 लाख रुपये प्रति बीघा मुआवजा दिया है। इसलिए संप्रग सरकार ने फैसला किया है कि वह किसानों के हितों की रक्षा के लिए संसद में एक विधेयक लाएगी।"
केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए गए कदमों का जिक्र करती हुई सोनिया ने कहा कि सरकार ने किसानों की ऋण माफी की घोषणा की। इसके अलावा सरकार ने रोजगार गारंटी योजना चलाई। कामगारों के स्वास्थ्य और महिलाओं के कल्याण के लिए भी हमने योजनाएं चलाई हैं।
उन्होंने कहा, "बिजली की कमी की मौजूदा समस्या के मद्देनजर हम अमेरिका के साथ परमाणु करार करने की दिशा में अग्रसर हैं।"
इस मौके पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी, इस्पात राज्य मंत्री जितिन प्रसाद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications