6 प्रतिशत से भी ज्यादा फिसले हांगकांग के शेयर बाजार
हांगकांग, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। हांगकांग के शेयर बाजारों में मंगलवार को कारोबार के शुरुआती दौर में छह प्रतिशत से भी ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
अमेरिका में 700 अरब डॉलर के प्रस्तावित राहत पैकेज के नामंजूर होने से पूरी दुनिया के शेयर बाजारों में अफरा तफरी मची हुई है।
आज कारोबार शुरू होने के 10 मिनट बाद हैंगसेंग सूचकांक में छह प्रतिशत से भी ज्यादा की गिरावट आई और यह 17,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे चला गया, लेकिन बाद में थोड़ी रिवकवरी हुई और 11 बजे यह 641 अंक यानी 3.43 प्रतिशत गिरावट के साथ 17,266 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के मुताबिक हांगकांग के शेयर बाजारों में यह गिरावट ताजा वैश्विक रुझानों के मद्देनजर आई है। अमेरिका के 'हाउस आफ रिप्रजेंटेटिव्स' की ओर से वित्तीय राहत पैकेज को ठुकराए जाने के बाद एशिया के तमाम पूंजी बाजारों में भारी गिरावट का रुख है।
गौरतलब है कि हांगकांग के शेयर बाजारों में पिछले वर्ष अक्टूबर से गिरावट का दौर शुरू हुआ था, जो निरंतर जारी है। अक्टूबर में यह 32,000 के स्तर को छू गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications