यूसुफ को ट्वेंटी-20 संभावितों में मिली जगह
लाहौर, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अगले महीने टोरंटो में खेली जाने वाली चार देशों की ट्वेंटी-20 प्रतियोगिता के लिए वरिष्ठ बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ को भी संभावितों की सूची में शामिल किया है।
यूसुफ लंबे समय से आरोप लगाते रहे हैं कि उन्हें ट्वेंटी-20 मैचों के लिए उपयुक्त नहीं मानकर नजरअंदाज किया जा रहा है। कुछ दिन पहले उन्होंने कहा था कि अगर उन्हें पाकिस्तान की ट्वेंटी-20 टीम में शामिल नहीं किया गया तो वे इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) के लिए खेलने पर विचार कर सकते हैं।
संभावितों की सूची में चयन के बाद यूसुफ ने पाकिस्तान के समाचार पत्र 'डेली न्यूज' से कहा, "मैं नहीं मानता कि ट्वेंटी-20 में सिर्फ वही खिलाड़ी सफल हो सकते हैं, जो बड़े-बड़े शॉट लगाते हैं। मेरे हिसाब से अच्छा क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी भी यहां सफल हो सकते हैं।"
यूसुफ ने अब तक सिर्फ एक ट्वेंटी-20 मैच खेला है। उनके खाते में 79 टेस्ट और 269 एकदिवसीय मैच दर्ज हैं और उन्हें विशेषज्ञ टेस्ट बल्लेबाज माना जाता है। चार देशों की प्रतियोगिता में पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका, जिंबाब्वे और कनाडा की टीमें शिरकत करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications