राजस्थान के चामुंडा मंदिर में भगदड़, 90 मरे (लीड-3)
जोधपुर, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। राजस्थान के जोधपुर शहर में प्रसिद्ध मेहरानगढ़ किले के चामुंडा मंदिर में मंगलवार तड़के मची भगदड़ में कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई।
नवरात्र के कारण चामुंडा मंदिर में हजारों लोग पूजा करने आए थे। मंगलवार सुबह लगभग 5.30 बजे जब लोग पूजा के बाद मंदिर से लौट रहे थे, तभी पुरूषों की पंक्ति में एक अवरोधक टूट जाने से लोग एक दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ मच गई। माना जा रहा है कि मृतकों में अधिकतर पुरूष हैं।
जोधपुर के पुलिस महानिरीक्षक राजीव दासोद ने आईएएनएस को बताया कि हादसे में कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या 100 से भी अधिक हो सकती है।
दासोद ने बताया कि भगदड़ में 100 से अधिक लोग घायल भी हुए। घायलों को जोधपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। राज्य के गृहमंत्री जी. सी. कटारिया ने इसे बड़ा हादसा करार दिया है।
कटारिया ने कहा कि पुरुषों की पंक्ति में एक अवरोधक टूटने और एक पुरूष के गिर जाने के बाद भगदड़ मच गई। उन्होंने कहा, "लोग एक दूसरे पर गिरने लगे थे।"
पुलिस सूत्रों और स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के समय मंदिर में करीब 10 हजार लोग थे। गौरतलब है कि जोधपुर की रानी राव जोधा ने वर्ष 1460 में मेहरानगढ़ किले के चामुंडा मंदिर में देवी की प्रतिमा स्थापित की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications