घातक है बच्चों के सामने धूम्रपान
टोरंटो, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। घर या कार में बच्चों के सामने धूम्रपान करने वाले माता-पिता उन्हें निकोटिन का आदी बना देते हैं।
कनाडा में किए गए शोध के मुताबिक बच्चों के सामने धूम्रपान करने के बेहद घातक परिणाम सामने आ रहे हैं। यही कारण है कि दुनिया भर में बच्चों के सामने (खासतौर पर गाड़ियों में) धूम्रपान करने पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाने की मांग की जा रही है।
मांट्रियल विश्वविद्यालय की शोधकर्ता और प्रोफेसर जेनिफर ओलॉफलिन ने कहा, "घरों और कारों में बच्चों के सामने धूम्रपान करने से बच्चे निकोटिन पर आश्रित होने लगते हैं। बच्चे ने अगर कभी धूम्रपान नहीं भी किया है, तब भी वह किसी न किसी रूप में निकोटिन लेना चाहेगा।"
यह शोधपत्र 'कनेडियन जर्नल एडिक्टिव बिहेवियर' के सितंबर अंक में प्रकाशित हुआ है। इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि बच्चों के सामने धूम्रपान करना बिल्कुल उचित नहीं है, यही कारण है कि माता-पिता को उनके सामने धूम्रपान करने से हर हाल में बचना होगा।
ओलॉफलिन ने बताया कि बच्चों के सामने धूम्रपान करने से उन्हें नींद नहीं आने, अवसाद, चिड़चिड़ेपन, व्याग्रता, थकान, भूख बढ़ने और किसी काम में मन नहीं लगने जैसी अनेक शारीरिक और मानसिक परेशानियां हो सकती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications