वुड्स को पूरी तरह फिट होने में लग सकते हैं 2 वर्ष
वाशिंगटन, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। दुनिया के शीर्ष वरीयता प्राप्त गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स को पूरी तरह फिट होने में दो वर्ष लग सकते हैं।
वुड्स ने जून में अपने घुटने का ऑपरेशन कराया था। वुड्स के ऑपरेशन में प्रयुक्त उपकरणों की खोज करने वाले प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर लैनी एल. जानसन ने कहा है कि वुड्स को गोल्फ कोर्स में लौटने में जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'टेलीग्राफ' ने जानसन के हवाले से लिखा है, "दूसरे कई कारक वुड्स को गोल्फ कोर्स पर लौटने के लिए मजबूर करेंगे लेकिन उन्हें सही वक्त का इंतजार करना चाहिए।"
जानसन के मुताबिक वुड्स को अपने घुटने का ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर टॉम रोसेनबर्ग की बात मानकर पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही वापसी करनी चाहिए। जानसन ने कहा, "वुड्स को पूरी तरह फिट होने में दो वर्ष लगेंगे। इससे पहले वापसी उनके लिए खतरनाक हो सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications