भाजपा ने सोरेन को रावण का अवतार बताया
रांची , 30 सितम्बर (आईएएनएस)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शिबू सोरेन को रावण और उनके शासन को रावण राज करार दिया है। इसके साथ ही राज्य की राजनीति में एक नए विवाद ने तूल पकड़ लिया है।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष पी.एन. सिंह ने कहा, "झारखंड में राक्षसों का राज है और शिबू सोरेन रावण का अवतार हैं। "
उन्होंने कहा कि सोरने का रावण का पुतला न जलाने का फैसला और मध्यप्रदेश स्थित लंकेश मित्र मंडल के निमंत्रण को स्वीकार करना राज्य में राक्षसी शासन का परिचायक है।
भाजपा के इस आरोप के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा(जेएमएम) ने भी मोर्चा खोल दिया है। राज्य के भूमि एवं राजस्व मंत्री दुलाल भुइया ने कहा कि पी.एन. सिंह खुद कलयुग के राक्षस हैं। बकौल भुइया सोरने क्यों उस रावण का पुतला जलाएंगे जिसकी हजारों वर्ष पहले मौत हो चुकी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों 'पंजाबी हिंदू बिरादरी' ने सोरेन को विजया दशमी के अवसर पर रांची के मोराबादी मैदान में रावण का पुतला जलाने के लिए निमंत्रित किया था लेकिन सोरेन ने रावण को महान विद्वान बताते हुए यह निमंत्रण अस्वीकार कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications