लखनऊ में फ्लाईओवर ढहने से 3 मरे, 10 घायल (लीड-2)
लखनऊ, 30 सितम्बर(आईएएनएस)। लखनऊ में मंगलवार को एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर के ढह जाने से उसके नीचे खड़े तीन लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। घायलों मे दो की हालत गंभीर है। मुख्यमंत्री मायावती ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की बात कही है।
लखनऊ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिल कुमार ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब चिनहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-फैजाबाद रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर ढह गया।
उन्होंने बताया कि राहत और बचाव दल मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटा है। इस फ्लाईओवर का निर्माण हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी) कर रही थी।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया तीन-चार कार, कुछ स्कूटर और साइकिल फ्लाईओवर के नीचे दब गए।
दुर्घटना का जायजा लेने पहुंची राज्य की मुख्यमंत्री मायावती ने मलबे में दबे लोगों को शीघ्र निकालने का आदेश प्रशासन को दिया।
मायावती ने संवाददाताओं से कहा इस दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही राज्य बन रहे सभी फ्लाईओवरों की जांच कराने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की घोषणा की।
मायावती ने कहा कि इस फ्लाईओवर का निर्माण केंद्र सरकार के अनुदान से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से करवाया जा रहा था। उन्होंने इस दुर्घटना के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि छह साल पहले इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू किया गया था लेकिन इसे अब तक पूरा नहीं किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।