रेडबैक्स का वॉन के साथ करार से इंकार
लंदन, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। दक्षिण आस्ट्रेलिया की प्रांतीय क्रिकेट टीम 'रेडबैक्स' ने उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया है कि इंग्लैंड की क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने खराब फार्म से उबरने के लिए उसके साथ करार किया है।
खराब फार्म के कारण भारत दौरे के लिए इंग्लिश टीम में जगह नहीं पाने के बाद वॉन ने तीन महीने के लिए क्रिकेट से 'ब्रेक' लिया है। ऐसी खबरें थीं कि वेस्टइंडीज दौरे के लिए इंग्लिश टीम में जगह बनाने के मकसद से वॉन इस सत्र में रेडबॉक्स के साथ कुछ वक्त बिताएंगे।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक आस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज और वॉन के काउंटी क्लब यार्कशायर के लिए छह सत्रों तक खेल चुके डरेन लेहमेन इस काम में वॉन की मदद कर रहे हैं।
रेडबैक्स के प्रबंधक जैमी कॉक्स ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। कॉक्स ने कहा, "यह सही नहीं है। हमारी टीम का वॉन के साथ कोई करार नहीं हुआ है।" उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान यूनुस खान इस सत्र में दक्षिण आस्ट्रेलियाई क्लब के लिए खेलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications