पहले टेस्ट में मैक्गेन का खेल पाना संदिग्ध
मेलबर्न, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज ब्रायस मैक्गेन का नौ अक्टूबर से बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत के साथ होने वाले पहले टेस्ट मैच में खेल पाना तय नहीं है।
'फॉक्स स्पोर्ट्स' के मुताबिक भारत दौरे के लिए आस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा के साथ ही यह तय माना जा रहा था कि मैक्गेन बेंगलुरू टेस्ट में स्पिन आक्रमण की कमान संभालेंगे, लेकिन कंधे की चोट के कारण उनका फिटनेस टेस्ट पार कर पाना भी मुश्किल नजर आ रहा है। राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के खिलाफ हुए अभ्यास मैच में वे प्रभावित नहीं कर सके थे।
मैक्गेन की फिटनेस संबंधी समस्या को देखते हुए भारत दौरे के लिए चुने गए दूसरे स्पिनर जेसन क्रेजा ने कमर कसनी शुरू कर दी है। क्रेजा भारतीय पिचों को समझने की मुहिम में जुटे हैं। आरसीए के खिलाफ क्रेजा ने अच्छा प्रदर्शन किया था।
क्रेजा ने आरसीए के खिलाफ तीन विकेट लिए थे और अपना दावा काफी हद तक मजबूत किया था। हालांकि आस्ट्रेलियाई टीम के कोच टिम निल्सन इस बात को लेकर जल्दी में नहीं हैं। उनका कहना है कि भारतीय टीम का संयोजन देखने के बाद ही वह इस संबंध में फैसला करेंगे।
पहले टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम का चयन 2 अक्टूबर को होगा। निल्सन ने कहा, "हमारी रणनीति भारतीय टीम के संयोजन पर निर्भर करेगी। यह देखना जरूरी होगा कि भारतीय टीम में ज्यादा दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं या फिर बाएं हाथ के। इसी आधार पर हम स्पिनरों को मौका देने के बारे में फैसला करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications