4 प्रतिशत से ज्यादा गिरे जापान के शेयर बाजार
टोक्यो, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका में वित्तीय राहत पैकेज बिल के नामंजूर होने से घबराय निवेशकों ने बाजार से रातोंरात पैसा निकालना शुरू कर दिया, नतीजतन जापान के शेयर बाजारों में मंगलवार को चार प्रतिशत से भी ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
जापान का प्रमुख सूचकांक 'निक्के ई 225' आज 544.54 अंक यानी 4.64 प्रतिशत गिरकर 11,199.07 पर आ गया। 'टॉपिक्स' सूचकांक भी 51.3 अंक यानी 4.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,076.57 के स्तर पर आ गया।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के मुताबिक अमेरिकी बाजार को वित्तीय संकट से उबारने के लिए बुश प्रशासन के प्रस्तावित 700 अरब डॉलर के वित्तीय राहत पैकेज पर कांग्रेस की मुहर न लगने की वजह से निवेशकों का पूंजी बाजार से भरोसा उठता जा रहा है।
हालांकि अमेरिकी वित्तीय संकट के असर से घरेलू बाजार को बचाने के लिए 'बैंक आफ जापान' ने पूंजी बाजार में दो खरब येन डाले हैं, लेकिन इस प्रयास का भी आंशिक असर ही देख जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications