ओलंपिक ने बढ़ाई चीनी भाषा की लोकप्रियता
बीजिंग, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। बीजिंग ओलंपिक के कारण दुनिया भर में चीनी भाषा को काफी बढ़ावा मिला है। चीनी भाषा को सबसे कठिन भाषाओं में गिना जाता है, लेकिन ओलंपिक ने इसकी लोकप्रियता में काफी हद तक इजाफा किया है।
चीन की समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' के अनुसार इंग्लैंड के फुटबाल स्टार डेविड बेकहम इस भाषा से इस कदर प्रभावित हुए कि उन्होंने अपनी कमर पर चीनी भाषा के एक मुहावरे का टैटू गुदवा लिया, जिसका अर्थ है, 'इंसान की तकदीर भगवान के हाथों में होती है।'
बेकहम ही नहीं, अमेरिका के राष्ट्रीय बास्केटबॉल संघ (एनबीए) की महिला व पुरुष खिलाड़ियों सहित कनाडा की महिला बीच वालीबॉल खिलाड़ियों तक, सभी ने चीनी भाषा में अपने शरीर पर टैटू गुदवाए।
बीजिंग ओलंपिक के दौरान कई विदेशी खिलाड़ी चीनी भाषा के प्लेकार्ड लिए दिखे, जिन पर 'वानमेई' (बेहतरीन), 'ली' (शक्ति), 'पिन्बो' (प्रयास करो) लिखा रहता था। इससे साफ है कि ओलंपिक के दौरान चीनी भाषा के प्रति विदेशी दर्शकों की जागरुकता काफी हद तक बढ़ी।
ओलंपिक के दौरान विदेशी मेहमानों ने सिल्क स्ट्रीट से कई ऐसे तोहफे खरीदे, जिन पर चीनी भाषा में प्रेरक बातें लिखी हुई थीं। इसके अलावा चीन की संस्कृति से प्रभावित होकर लोगों ने चीनी चमेली के फूलों और अन्य पारंपकि चीजों की भी जमकर खरीदारी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications