एमआईएम अध्यक्ष ओवेसी को अश्रुपूर्ण विदाई (लीड-1)
हैदराबाद, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। देश के प्रमुख मुस्लिम नेता और मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) पार्टी के अध्यक्ष सुल्तान सलाहुद्दीन ओवेसी को मंगलवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
इस मौके पर हजारों लोगों ने अपने चहेते नेता को अश्रुपूर्ण विदाई दी। सोमवार की रात उनका निधन हो गया था। वे 76 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें सांस लेने में कठिनाई होने पर 13 सितम्बर को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
ओवेसी हैदराबाद की राजनीति में गत चार दशकों से सक्रिय थे। उनके बेटे और हैदराबाद के सांसद असादुद्दीन ओवेसी ने बताया कि उन्हें सोमवार को ही अस्पताल से घर लाया गया था। उन्होंने रात लगभग नौ बजे अंतिम सांस ली।
ओवेसी का पार्थिव शरीर एमआईएम मुख्यालय में जनता के दर्शनार्थ रखा गया था। मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ ओवेसी के अंतिम दर्शन करने पहुंचे। कांग्रेस महासचिव एम. वीरप्पा मोइली के साथ ही राज्य के लगभग सभी बड़े और छोटे नेता ओवेसी के अंतिम दर्शन को पहुंचे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications