खाड़ी के देशों में शुरू हुआ ईद-उल-फितर का जश्न
दुबई, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। खाड़ी के देशों में सोमवार की रात चांद दिखने के बाद से ईद का जश्न शुरू हो गया।
मंगलवार सुबह लोगों ने मस्जिदों में जाकर ईद की नमाज अदा की। सोमवार को चांद दिखने के बाद रमजान का पाक महीना खत्म हो गया और इस्लामी कैलेंडर के मुताबिक शव्वाल का महीना शुरू हो गया है।
अबूधाबी में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नहयान ने अल मशरफ महल में उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल-मखतूम को ईद की दावत दी।
शेख खलीफा ने शेख मोहम्मद और दुबई राजघराने के युवराज शेख हमदान बिन राशिद अल-मखतूम को ईद की शुभकामनाएं दीं।
शेख खलीफा ने शेखों, मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों, उच्च पदाधिकारियों और देशवासियों को भी ईद की शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले शेख मोहम्मद यूएई के संस्थापक शेख जायद बिन सुल्तान अल नहयान के मकबरे पर भी गए थे।
सऊदी अरब के शासक अब्दुल्लाह बिन अब्दुल्लाजीज ने विश्व के सभी मुसलमानों को ईद की बधाईयां दीं।
सउदी टेलीविजन को दिए एक संदेश में संस्कृति एवं सूचना मंत्री इयाद मदानी, किंग अब्दुल्लाह और युवराज सुल्तान बिन अब्दुल अजीज ने सभी मुसलमानों से एकता और सौहाद्र्र बनाए रखने के लिए कहा।
कुवैत के शासक अमीर शेख सबाह अल-अहमद अल-जबेर अल-सबाह ने मंगलवार को राज्य की बड़ी मस्जिद में ईद-उल-फितर की नमाज अदा की।
युवराज शेख नवाफ अल-अहमद अल-जबेर अल-सबह, नेशनल असेंबली के स्पीकर जैसेम अल-खराफी, वरिष्ठ शेखों, कुवैत नेशनल गार्डस शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबेर अल-सबह, वर्तमान प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री शेख जबर अल-मुबारक अल-हमाद अल-सबाह सहित राज्य के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी उन्होंने ईद की शुभकामनाएं दीं।
बहरीन के शासक हमाद बिन ईसा अल खलीफा ने युवराज और उप सुप्रीम कमांडर शेख सलमान बिन हमाद अल खलीफा के साथ ईद-उल-फितर की नमाज अदा की।
कतर के अमीर शेख हमाद बिन खलीफा अल-थानी ने दोहा के अल-वजाबह में सार्वजनिक रूप से ईद-उल-फितर की नमाज अदा की।
ओमान न्यूज एजेंसी के अनुसार ओमान के शासक सुल्तान काबूस बिन सैद ने मित्र देशों के नेताओं को इस अवसर पर बधाईयां दीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications