ब्राजील के शेयर बाजारों में भारी गिरावट
रियो डी जनेरियो, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्राजील में साओ पाउलो स्थित शेयर बाजार के 'बॉवेस्पा' सूचकांक में सोमवार को 10.6 प्रतिशत की जबरदस्त गिरावट के बाद पिछले एक दशक में पहली बार कारोबार आधे घंटे के लिए रोकना पड़ा।
अमेरिका के 'हाउस आफ रिप्रजेंटेटिव्स' ने सोमवार को 700 अरब डॉलर के प्रस्तावित वित्तीय राहत पैकेज को ठुकरा दिया था। इसके बाद बाजार में भारी गिरावट का रुख देखते हुए कल 2.49 बजे अस्थाई रूप से करोबार रोकना पड़ा।
कारोबार के दोबारा शुरू होने के बाद भी गिरावट जारी रही और यह 13 प्रतिशत तक नीचे चला गया। इसके बाद दूसरी बार फिर एक घंटे के लिए कारोबार को रोकना पड़ा, ताकि गिरावट का स्तर 15 प्रतिशत तक जाने से रोका जा सके। इसके बाद बाजार ने थोड़ी रिकवरी की और अंतत: 9.36 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुआ।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के मुताबिक बाजार की हालत पतली होते देख ब्राजील के राष्ट्रपति लुइस इनेशियो लुला डी सिल्वा ने कहा, "ऐसे उभरते देश, जो सब कुछ सही करते हैं, वे अमेरिकी कैसीनो (निवेश बैंक) का शिकार नहीं हो सकते।"
उन्होंने कहा कि यह ऐसा समय है, जब अमेरिकी कांग्रेस को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए गलतियों को सुधारना चाहिए। उन्होंने समस्या खड़ी की है और इसलिए उन्हें ही इसका हल निकालना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications