ईसाई समुदाय पर हमले बर्दाश्त नहीं : शीला
नई दिल्ली, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा है कि किसी भी समुदाय खासकर ईसाई समुदाय पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
नई दिल्ली, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा है कि किसी भी समुदाय खासकर ईसाई समुदाय पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
राजधानी के गोल मार्केट क्षेत्र में स्थित सेंट पीटर्स कैथ्रेडल चर्च के वार्षिकोत्सव में शीला ने कहा, "हाल के दिनों में गिरिजाघरों पर जो हमले हुए हैं, वह निंदनीय है। हमें ऐसे हमलों का पुरजोर विरोध करना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष देश में ऐसी घटनाओं का कोई स्थान नहीं है। गिरिजाघरों पर हमला अशोभनीय और गैरजरूरी है। हमला करने वाले ऐसे तत्वों का हमें विरोध करना चाहिए ताकि देश की धर्मनिरपेक्ष छवि को धक्का न पहुंचे।"
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ हफ्तों में कर्नाटक में दो दर्जन से अधिक गिरिजाघरों पर हमले हुए हैं। इसके अलावा उड़ीसा और मध्यप्रदेश में भी कई गिरिजाघरों पर हमले किए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।