मध्यप्रदेश पुलिस ने नागपुर में सिमी कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया
भोपाल, 28 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर में दबिश देकर प्रतिबंधित संगठन स्टूडेन्ट इस्लामिक मूवमेन्ट ऑफ इंडिया (सिमी) के सक्रिय कार्यकर्ता मोहम्मद खलील को शनिवार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। खंडवा न्यायालय ने एक अक्टूबर तक के लिए खलील को पुलिस हिरासत में सौंप दिया है।
खंडवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज राय ने बताया कि मोहम्मद खलील लम्बे अरसे से सिमी के लिए कार्य कर रहा था और उसके खिलाफ अप्रैल 2008 में खंडवा पुलिस ने मामला भी दर्ज किया था। तभी से वह फरार चल रहा था। बीते रोज सूचना मिली कि खलील नागपुर में डेरा डाले हुए है। पुलिस ने वहां दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। आज उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां उसे न्यायालय ने एक अक्टूबर तक के लिए रिमांड पर सौंप दिया।
पुलिस को उम्मीद है कि खलील से पूछताछ में वह कई महत्वपूर्ण राज उगलवाने के साथ सिमी और इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े उन लोगों के बारे में भी पता कर सकेगी जो इस क्षेत्र में सक्रिय हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।