कालका-शिमला विश्व धरोहर रेलमार्ग पर परिचालन बहाल
शिमला, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कालका-शिमला रेलखंड पर सभी पांच ट्रेनों का परिचालन शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू हो गया।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते रेलमार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था जिससे पिछले छह दिनों से यातायात प्रभावित था।
शिमला के स्टेशन अधीक्षक पी.एस.गिल ने आईएएनएस से कहा, "96 किलोमीटर लंबे नैरोगेज रेल मार्ग पर यातायात का परिचालन शुक्रवार सुबह पुन: प्रारंभ हो गया।"
हरियाणा के कालका और हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के बीच 1-केएस, 251, 241, 253 और 256 ट्रेनें चलती हैं जिन्हें शिमला और कोटी स्टेशनों के बीच हुए भूस्खलन के बाद रद्द कर दिया गया था।
लगभग 100 वर्ष से भी अधिक पुरानी यह रेल लाइन यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है। हर साल ढेरों पर्यटक समुद्र तल से 640 से 2,060 मीटर की ऊंचाई पर इस रेल यात्रा का आनंद उठाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।