अर्जुन के बाद कांग्रेस ने भी मुशीरूल का समर्थन किया (लीड-1)
नई दिल्ली, 26 सितम्बर (आईएएनएस)। मानव संसाधन विकास मंत्री अर्जुन सिंह ने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के कुलपति मुशीरूल हसन का समर्थन किया तो कांग्रेस ने भी अर्जुन सिंह की हां में हां मिलाई है।
अर्जुन सिंह ने शुक्रवार को हसन के उस फैसले का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने दिल्ली में पिछले 13 सितम्बर को हुए विस्फोटों के सिलसिले में पकड़े गए दो छात्रों को कानूनी सहायता देने की बात कही थी।
कांग्रेस प्रवक्ता वीरप्पा मोइली से जब इसके बारे में पूछा गया तो उन्होंने अर्जुन के बयान का समर्थन करते हुए कहा, "जब तक आरोप साबित नहीं हो जाता तब तक आप किसी को दोषी नहीं ठहरा सकते। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं। पकड़े गए छात्रों को कानूनी सहायता देना विश्वविद्यालय का संवैधानिक अधिकार है।"
मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि सिंह ने शुक्रवार को मुशीरूल हसन से भेंट की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सिंह ने हसन द्वारा दोनों छात्रों को कानूनी सहायता मुहैया कराने के फैसले का समर्थन किया है।
प्रवक्ता ने बताया, "अर्जुन सिंह का मानना है कि खुफिया एजेंसियां हिरासत में लिए गए छात्रों के बारे में अपने प्रारंभिक जांच में कोई निर्णय नहीं ले सकती।"
उन्होंने कहा, "छात्रों में भय का माहौल है। उन्हें निशाना बनाए जाने का डर सता रहा है। यह नहीं होना चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि पिछले शुक्रवार को जामियानगर इलाके में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद दिल्ली बम विस्फोटों के आरोप में जिया-उर-रहमान और मोहम्मद शकील नाम के दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया था। ये दोनों आरोपी जामिया के छात्र हैं। हसन ने गिरफ्तार छात्रों की कानूनी लड़ाई विश्वविद्यालय फंड से लड़ने की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।