मध्यप्रदेश में भाजपा के हाईटेक इंतजाम
भोपाल, 25 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी भी आधुनिक संचार साधनों का इस्तेमाल करने में पीछे नहीं है। यह बात भोपाल के जम्बूरी मैदान में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ में साफ नजर आई। यहां आए कार्यकर्ताओं की सुविधा के मद्देनजर जहां बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी वहीं व्यवस्था की कमान संभालने वालों के हाथों में वाकी टॉकी भी नजर आए।

आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा का यह पहला ऐसा आयोजन था जिसमें पार्टी अपनी शक्ति का इजहार करना चाहती थी। इसके लिए पूरे प्रदेश से ढाई लाख कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया था। व्यवस्था को चौकस रखने के साथ कार्यकर्ताओं तक आयोजन की साफ तस्वीर पहुंचाना भी महत्वपूर्ण था।
किसी तरह की गफलत न हो और कार्यकर्ताओं तक नेताओं का संदेश आसानी से पहुंच जाए इसके लिए मंच के दोनों ओर बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, ताकि किसी भी स्थान पर बैठे हुए कार्यकर्ता को मंच का नजारा साफ दिखे। इसके लिए कैमरे भी लगे थे और क्रेन तक का इस्तेमाल किया गया था। इतना ही नहीं व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले कार्यकर्ता वाकी टॉकी से लैस थे।
पार्टी ने विभिन्न स्थानों से आने वाले कार्यकर्ताओं के मनोरंजन के लिए भी पूरे इंतजाम किए थे। आयोजन स्थल से थोड़ी दूरी पर बनाए गए छोटे पंडाल में लोक नृत्यों का दौर भी चलता रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।