चीन ने छोड़ा 'शेनझाउ 7 अंतरिक्ष यान' (लीड-2)
बीजिंग, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। अंतरिक्ष में चहलकदमी के लिए चीन के 'शेनझाउ 7 अंतरिक्ष यान' को पश्चिमोत्तर प्रांत गांसू में स्थित जिऊकुआन अंतरिक्ष केंद्र से गुरुवार को छोड़ दिया गया।
गौरतलब है कि चीन अंतरिक्ष में वर्ष 2020 तक स्थायी स्टेशन तैयार करने की ओर कदम बढ़ा रहा है। चीनी राष्ट्रपति ने गुरुवार को दोपहर बाद जिऊकुआन अंतरिक्ष केंद्र से छोड़े गए इस मिशन की अगुवाई की।
इस मिशन के तहत जब झाई झिगांग तीन करोड़ डॉलर मूल्य का 120 किलोग्राम वजनी सूट पहनकर अंतरिक्ष में चहलकदमी करेंगे तो उस समय चीन के इस महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम पर विश्व भर की नजर रहेगी।
झिगांग के अंतरिक्ष में प्रस्तावित चहलकदमी के बारे में आस्ट्रेलिया के अंतरिक्ष मामलों के विशेषज्ञ मोरिस जोंस ने कहा, "अंतरिक्ष में चलना जोखिम भरा काम है।" चीन द्वारा तैयार किए गए सूट का अंतरिक्ष में इससे पहले प्रयोग नहीं किया गया था।
झिगांग अंतरिक्ष में लगभग 40 मिनट रहेंगे। उनकी इस चहलकदमी का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार रूस और अमेरिका के बाद अंतरिक्ष यात्री भेजने वाला चीन तीसरा देश है। जोंस ने चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम की तुलना अमेरिका और रूस से की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।