आतंकवाद की मूल जड़ आडवाणी : कांग्रेस
नई दिल्ली, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने कहा है कि देश में पनप रहे आतंकवाद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी जिम्मेदार है। पार्टी का कहना है कि देश में जो आतंकवाद पनप रहा है वह आडवाणी और विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के नेता प्रवीण तोगड़िया द्वारा की जाने वाली साम्प्रदायिक राजनीति का परिणाम है।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "देश में फैले साम्प्रदायिक आतंकवाद के मुद्दे पर देशव्यापी बहस होनी चाहिए। बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद 1993 में मुंबई में जो धमाके हुए थे वह साम्प्रदायिक आतंकवाद की पहली घटना थी। इसी के बाद देश में साम्प्रदायिक आतंकवाद की नींव पड़ी।"
उन्होंने कहा कि देश में फैले साम्प्रदायिक आतंकवाद के लिए यदि कोई जिम्मेदार है तो वे हैं आडवाणी और तोगड़िया। दोनों द्वारा की जाने वाली साम्प्रदायिक राजनीति का ही परिणाम है कि आज देश में आतंकवाद पनप चुका है।
भाजपा द्वारा पोटा बहाल किए जाने की मांग पर अहमद ने कहा, "यह एक असफल कानून था। इसकी असफलता को देखते हुए ही केंद्र सरकार ने इसे समाप्त किया था।"
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकारों के दौरान हुई आतंकवादी घटनाओं का ब्योरा पेश करते हुए अहमद ने कहा, "गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक राजग शासन में आतंकवाद की कुल 36259 हिंसक घटनाएं हुई और इस दौरान कुल 11714 लोग मारे गए जबकि संप्रग शासन के दौरान अब तक सिर्फ 24967 घटनाएं हुई हैं और 6636 लोग ही मारे गए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।