भाजपा का कार्यकर्ता महाकुंभ गुरुवार को भोपाल में
भोपाल 24 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार 25 सितंबर को भोपाल के जम्बूरी मैदान में कार्यकर्ताओं के महाकुंभ का आयोजन किया है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिवस पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भाजपा केन्द्र और राज्य में अपनी सरकार बनाने का संकल्प लेगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने संवाददाताओं से कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिन को पार्टी संकल्प दिवस के रूप में मनाने जा रही है। इस मौके पर प्रदेश भर के भाजपा कार्यकर्ता भोपाल में मौजूद रहेंगे। पार्टी की कोशिश है कि इस आयोजन में हर मतदान केन्द्र का कार्यकर्ता शामिल हो।
तोमर ने बताया है कि इस आयोजन में विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी और कार्यकर्ता संकल्प लेंगे कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी जीत दर्ज कर सरकार बनाए। इस महाकुंभ में पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी, पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, पूर्व अध्यक्ष डॉ़ मुरली मनोहर जोशी, मध्यप्रदेश चुनाव प्रभारी वेंकैया नायडू और संगठन प्रभारी अनन्त कुमार मौजूद रहेंगे।
इन्डो-एशियन न्यूज सर्विस।