बिहार में सड़क दुर्घटना में 3 मरे
पटना, 24 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के बेगूसराय जिले में नगर थाना अंतर्गत सिंगरौल गांव के नजदीक एक जीप और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और करीब छह अन्य घायल हो गए।
यह दुर्घटना मंगलवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर हुई। बेगूसराय के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पंकज कुमार ने बुधवार को बताया कि एक सवारी जीप मोकामा के हाथीदह से करीब 20 यात्रियों को लेकर बेगूसराय आ रही थी। सिंगरौल गांव के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और उसने सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में सीधे टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि एक की मौत इलाज के दौरान बेगूसराय के सदर अस्पताल में हुई।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में करीब छह लोग घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत चिन्ताजनक बनी हुई है। डीएसपी ने बताया कि मृतकों में एक की पहचान अमित प्रसाद गुप्ता के रूप में की गई है। दो की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद जीप चालक फरार हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।