मध्यप्रदेश में महिला नक्सली गिरफ्तार
भोपाल, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के नक्सल प्रभावित बालाघाट से पुलिस ने एक महिला नक्सली को गिरफ्तार किया है।
बालाघाट में पिछले 10 साल से सक्रिय नक्सली गुट 'मलाज खंड दलम' की महिला सदस्य कमला उर्फ सुशीला गौड़ को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। कमला पर दो हत्याओं सहित पुलिस बल पर हमला करने का आरोप है।
बालाघाट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि अंधियारीवन चार घाट की रहने वाली कमला पहले नक्सली गुट 'परासबाडा दलम' के लिए काम करती थी। गुट के कमजोर पड़ जाने के बाद वह 'मलाज खंड दलम' के लिए काम करने लगी। कमला की बहन निर्मला भी नक्सली संगठन का हिस्सा रही है जिसे पिछले महीने गिरतार किया गया था।
श्रीवास्तव के मुताबिक रविवार को पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कमला को अंधियारीवन के जंगल से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया है कि कमला पर 35 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया था। कमला पर आरोप है कि उसने लोहपुर में वर्ष 2001 में पुलिस बल पर हमले में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
कमला पर आरोप है कि उसने वर्ष 2003 को सोन गुंडर के पास पुलिस के लिए मुखबिरी करने के शक में एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। उस पर डोंगर हार में डिप्टी रेन्जर हरी चन्द की हत्या में भी शामिल रहने का आरोप है। कमला मुख्य तौर पर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई इलाकों में नक्सली संगठन मलाज खंड दलम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।