बिहार बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ बेंगलुरू में संगीत कार्यक्रम
बेंगलुरू, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। देश के प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र बेंगलुरू में मंगलवार को संगीतकारों के एक समूह द्वारा एक समारोह का आयोजन किया जाएगा जिससे एकत्र की गई राशि बिहार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए खर्च की जाएगी।
शहर के संगीत अकादमी 'बंगलौर स्कूल ऑफ म्यूजिक' द्वारा आयोजित कार्यक्रम 'म्यूजिकल फिंगर्स फोर फ्लड विक्टिम्स' से एकत्र की गई राशि को बिहार के बाढ़ पीड़ितों के लिए खर्च किया जाएगा, जो आज भी राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।
वर्ष 1987 में स्थापित इस विद्यालय में भारतीय एवं पाश्चात्य संगीत व नृत्य की शिक्षा दी जाती है।
विद्यालय की संस्थापक सदस्य और गायिका अरुणा सुंदरलाल ने आईएएनएस से कहा, "बिहार बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बहुत कम समय में हमने इस समारोह के लिए तैयारी की है। एकत्रित राशि जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए हम कुछ गैर-सरकारी संगठनों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।"
समारोह में प्रति व्यक्ति टिकट की कीमत 150 रुपये होगी। इसमें लोइस पिंटो, रेबेका थॉमस, नलिनी सूर्यवंशी और रोहित सैलस जैसे कलाकार कार्यक्रम पेश करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।