गिरजाघरों पर हमले के बाद येदियुरप्पा का रुख कड़ा (लीड-1)
बेंगलुरू, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। कर्नाटक में तीन गिरजाघरों पर हमलों के बाद मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ऐसी घटनाओं से निपटने में नाकाम रही तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इनमें से दो हमले कर्नाटक के गिरजाघरों पर हुए हैं। बेंगलुरू के पूर्वोत्तर में स्थित मारियन्ना पाल्या गिरजाघर पर कल रात के हमले के बाद ईसाई समुदाय के नाराज लोगों ने रोड पर जाम लगाया और विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने इसके बाद नागरिक और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से कहा, "यह स्पष्ट रूप से पुलिस की असफलता का मामला है।"
बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त शंकर बिदरी ने संवाददाताओं को बताया, "शनिवार की रात कुछ लोगों ने मारियन्ना पाल्या स्थित एक गिरजाघर में लोहे की राड के सहारे तोड़फोड़ की कोशिश की, दान पेटी तोड़ डाली और फर्नीचर भी नष्ट कर दिया। "
उन्होंने बताया कि इस हमले से गिरजाघर को करीब 18 हजार रुपये की क्षति पहुंची है जिसमें से एक हजार रुपये दान पेटी से निकाले गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि यह पेशेवर लुटेरों का काम है या फिर किसी धार्मिक कट्टरपंथी का।
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह शहर के राजराजेश्वरी नगर में स्थित एक गिरजाघर पर भी हमला हुआ। यहां गिरजाघर पर पथराव किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कुर्ग जिले के मुख्यालय मादिकेरी से 40 किलोमीटर दूर सिद्दपुरा में भी एक गिरजाघर पर शनिवार को हमला किया गया। यह हमला येदियुरप्पा द्वारा प्रशासन को जारी उन निर्देशों के कुछ ही घंटे बाद हुआ था जिनमें उन्होंने कहा था कि रविवार की प्रार्थनाओं को देखते हुए अतिरिक्त चौकसी बरते जाने की आवश्यकता है।
इससे पहले शुक्रवार की शाम बजरंग दल के राज्य संयोजक महेंद्र कुमार को मैंगलोर से गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर आपराधिक षड़यंत्र रचने तथा विभिन्न समुदायों के बीच धार्मिक, जातीय और भाषाई विद्वेष फैलाने के आरोप लगाए गए हैं। उसे एक अक्टूबर तक के लिए जेल भेज दिया गया है और उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई सोमवार को होगी।
पिछले सप्ताह भी दक्षिण कन्नड़, उडुपि और चिकमंगलूर जिलों में गिरजाघरों पर हमले हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।