उड़ीसा बाढ़ : हालात गंभीर, नए इलाके चपेट मे
भुवनेश्वर, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। उड़ीसा में ज्यादातर नदियों के खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण राज्य में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। बाढ़ से अब तक 17 जिलों के 20 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और अब तक 16 लोग मारे गए हैं।
बाढ़ ने कई नए इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया है और हजारों लोग अपने घरों को छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं।
उड़ीसा के आपदा प्रबंधन एवं राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी बेनुधर दास ने बताया कि ज्यादातर नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और अब तक दो लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
राज्य के तटीय जिले कटक, पुरी, जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा में बाढ़ का सबसे अधिक प्रभाव पड़ा है।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार को एक पत्र लिखकर केंद्र सरकार से प्रारंभिक तौर पर 15 अरब रुपये के राहत पैकेज की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।