मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने 15 दिन में की 300 सभाएं
भोपाल, 21 सितंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की जनता से आशीर्वाद लेने के लिए जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 15 दिनों में 301 सभाएं करके इतिहास रचने की कोशिश की। इन सभाओं के जरिए उन्होंने प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाएं तो गिनाई ही साथ में केंद्र सरकार पर पक्षपात के भी जमकर आरोप लगाए।
शिवराज सिंह चौहान ने 28 अगस्त को मंदिरों की नगरी उज्जैन से जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की थी। वे अलग-अलग चरणों में 15 दिनों में 2 हजार 529 किलोमीटर का रास्ता तय करने के साथ प्रदेश के 30 जिलों की 99 विधानसभा क्षेत्रों तक अपनी आमद दर्ज करा चुके हैं। इस यात्रा के दौरान चौहान ने कुल 301 जनसभाएं की हैं जिनमें से 119 मंच सभाएं और 182 वाहन सभाएं थीं।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा दी गई जानकारी में कहा गया है कि चौहान ने इन 15 दिनों में 218 घंटे जनता से सीधा संवाद स्थापित किया है। इस संवाद में चौहान ने अपने को जनता का सेवक सिद्ध करने की भरपूर कोशिश की है। चौहान ने जनता से सीधे संवाद के दौरान उनकी सरकार द्वारा जन हित में किए गए कार्यों का सिलसिलेवार ब्यौरा दिया है साथ ही दोबारा सत्ता में आने पर प्रदेश की तस्वीर ही बदलने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने केन्द्र सरकार पर भी जमकर हमले बोले हैं। उनका तो यहां तक आरोप है कि केंद्र की सरकार उन्हें सहयोग नहीं कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।