भारतीय परंपरा से प्रेरित रहे अनामिका के परिधान
मुंबई, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। क्या आपने कभी सोचा है कि महात्मा गांधी का व्यक्तित्व कभी फैशन डिजाइनरों के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकेगा। 'एचडीआईएल इंडिया कॉचर वीक' में प्रदर्शित डिजाइनर अनामिका खन्ना का धोती सहित टोपी से ढका डिजाइनर कलेक्शन महात्मा गांधी के व्यक्तित्व से काफी हद तक प्रभावित नजर आया।

अपने विशेष कला कौशल और क्षमता के लिए पहचान रखने वाली डिजाइनर अनामिका खन्ना के डिजाइन पारंपरिक और समसामयिक हैं, जिन्हें उन्होंने आधुनिक महिला को समर्पित किया है।
छह दिनों के इस शो के चौथे दिन अपने डिजाइनर परिधानों के प्रदर्शन के बाद खन्ना ने आईएएनएस से कहा, "टोपी और धोती वाला यह कलेक्शन पूरी तरह भारतीय परंपरा से प्रेरित है।"
ये परिधान पूरी तरह से पहनने वालों के आराम का ख्याल रखते हुए तैयार किए गए हैं। इनके डिजाइन और कट विशेष रूप से सबका ध्यान आकर्षित करते हैं।
खन्ना कहती हैं, "आज की महिला अपने स्टाइल स्टेटमेंट के जरिए अपनी सोच प्रस्तुत करती हैं। उन्हें मालूम है कि अलग-अलग मौकों पर कैसे खूबसूरत और शिष्ट नजर आया जा सकता है। मेरा कलेक्शन उन सभी महिलाओं के लिए है जो शिष्टतापूर्ण, आरामदायक कपड़े पहनना चाहती हैं और ऊंची उड़ान भरने की चाहत रखती हैं।"
शो के बाद बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर काफी खुश नजर आए। दरअसल, उनकी बेटी और 'सांवरिया' की अभिनेत्री सोनम कपूर ने खन्ना के परिधान पहनकर रैंप पर कैटवाक किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।