कर्नाटक में बजरंग दल संयोजक को हिरासत में लिया गया
बेंगलुरू, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। कर्नाटक के तटीय शहर मैंगलोर में रविवार को गिरजाघरों पर हमलों के सिलसिले में बजरंग दल की प्रदेश इकाई के संयोजक महेन्द्र कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
कुमार को साजिश रचने और विभिन्न धार्मिक समूहों के बीच शत्रुता फैलाने के आरोप में शुक्रवार देर रात हिरासत में लिया गया। बुधवार को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) के सदस्यों ने मैंगलोर का दौरा कर कुमार की गिरफ्तारी की मांग की थी।
कुमार तथा राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने गिरजाघरों पर हमलों में बजरंग दल की भूमिका से इंकार किया है। दूसरी ओर एनसीएम सदस्यों और कांग्रेस ने कहा है कि समाचार चैनलों पर उन्होंने कुमार को यह कहते देखा था कि बजरंग दल ने ही गिरजाघरों पर हमला बोला है।
गौरतलब है कि मैंगलोर में रविवार को विभिन्न गिरजाघरों पर हमला किया गया था। राज्य सरकार ने शुक्रवार देर रात हमलों की जांच के लिए पूर्व न्यायाधीश बी. के. सोमशेखर की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन किया।
सरकार ने हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि हिंदू संगठनों को कानून अपने हाथों में नहीं लेना चाहिए और इसकी बजाए राज्य में किसी किस्म की धर्मातरण गतिविधि का पता चलने पर सरकार को उसकी इत्तिला देनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*