शिमला में भारी बारिश व भूस्खलन से 32 मरे (लीड-1)
शिमला, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और निकटवर्ती इलाकों में भारी बारिश की वजह से इमारत के ढहने और भूस्खलन की घटना में कम से कम 32 लोग मारे गए।
शिमला के पुलिस अधीक्षक आर.एम. शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि चडगांव और रोहरू उप मंडल में एक मकान के ढह जाने से नेपाल के चार बच्चों और एक व्यक्ति की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि कोटकाही के निकट पुलभाल गांव में भूस्खलन की घटना में एक ही परिवार के छह लोग मारे गए। रामपुर कस्बे में भी भूस्खलन की वजह से दो लोगों की मौत की खबर है।
शिमला शहर में भी भूस्खलन की वजह से छह लोग मारे गए। शहर के तिब्बती बहुल इलाके में बड़े पैमाने पर हुई भूस्खलन की घटना में दो तिब्बती मारे गए और 20 से अधिक दुकानें नष्ट हो गईं।
शनिवार को शिमला में कई इलाकों में भूस्खलन और पेड़ गिरने के कारण सड़कों पर जाम देखा गया, जिस कारण बड़ी संख्या में यहां आए पर्यटकों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
शिमला के सर्कुलर रोड पर देवदार वृक्ष के गिर जाने से लंबा जाम देखा गया। वहीं किन्नौर जिले के चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण यातायात सेवा बाधित रही।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि हफ्ते के अंत तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में और अधिक बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।