उड़ीसा बाढ़ : 7 मरे, दस लाख लोग प्रभावित (लीड-1)
भुवनेश्वर, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। उड़ीसा में आई बाढ़ से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के 30 में से 15 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और सैकड़ों गांवों के दस लाख लोग इससे प्रभावित हैं। राज्य की प्रमुख नदियां और जलाशय खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
राज्य के राजस्व सचिव जी.वी. वेणुगोपाल शर्मा ने कहा कि बाढ़ की वजह से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। जाजपुर और अंगुल जिले में दो-दो लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही क्योंझर, संभलपुर और भद्रक में एक-एक लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य किए जा रहे हैं और इसके लिए दो हेलीकाप्टरों को लगाया गया है। अब तक तीस हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
इस बीच अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि हीराकुंड जलाशय से छोड़े गए पानी के तटवर्ती जिलों में पहुंचने से स्थिति और भी विकट हो सकती है।
शुक्रवार को हालांकि ताजा बारिश नहीं हुई, लेकिन अधिकारियों का कहना है यहां के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी प्रवेश करने से हालात और खराब हो सकते हैं।
राज्य में लगातार तेज बारिश के कारण सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
राज्य के 30 में से 15 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। यहां 10 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार कटक, पुरी, जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा जिले भी बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन सभी जिलों में शुक्रवार और शनिवार को स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*