आतंकवादियों तक पहुंचने में मुंबई पुलिस बनी मददगार
नई दिल्ली, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। दक्षिण दिल्ली के जामियानगर इलाके में आतंकवादियों के ठिकाने तक पहुंचने में दिल्ली पुलिस की सहायता मुंबई पुलिस ने की थी।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर आईएएनएस को इस संबंध में जानकारी दी है। अधिकारी ने बताया, "बटला हाउस में आतंकवादियों के छुपे रहने के संबंध में सूचना मुंबई पुलिस से मिली थी। मुंबई पुलिस को इस संबंध में जानकारी 13 दिन पहले पुणे में पकड़े गए आंतकवादियों से पूछताछ के दौरान मिली थी।"
जामियानगर इलाके में शुक्रवार को मुठभेड़ में जहां दो आतंकवादी मारे गए, वहीं दो अन्य फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद सैफ नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया।
पुलिस आयुक्त वाई. एस. डडवाल ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया था कि आतंकवादियों के छुपे होने की सूचना दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने इकट्ठा की थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस से मिली सूचना में इस बात की पुष्टि नहीं की गई थी कि बटला हाउस इलाके के एल-18 नंबर मकान में छुपे लोग आतंकवादी ही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।