दिल्ली में आतंकवादियों से मुठभेड़
दिल्ली ब्लास्ट के बाद मिली जानकारी के चलते इस इलाके पर पुलिस की काफी समय से नजर थी। यहां पर आतंकवादियों की आवाजाही का पता लगा था। लिहाजा पूरी योजना बनाकर इस इलाके को पुलिस ने घेरा। यह एक भीड़भाड़ वाला इलाका है। पुलिस ने लोगों से अपने घरों की खिड़कियां बंद करने को कहा है।
अब तक मिली खबरों के मुताबिक चारो तरफ से एनएसजी ने मोर्चा संभाल रखा है। मीडिया के लोग भी वहां पहुंच गए। खलीकुल्लाह मस्जिद के पास यह मुठभेड़ जारी है। बताया जा रहा है कि पांच से छह तक आतंकवादी वहां पर मौजूद हैं। वे इलाके काफी तंग हैं इसलिए पुलिस को काफी दिक्कत हो रही है।
ओखला के करीब जामिया नजर इलाके में ये आतंकवादी छिपे हुए थे। सूचना मिलने पर जब पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया तो छिपे आतंवादियों ने गोलियां चलानी शुरु कर दीं। इसके बाद से लगातार मुठभेड़ जारी है।
बताया जा रहा है कि वहां कि बिल्डिंग नंबर एल-18 में आतंकी छिपे हैं और वहां से गोलियां चलाई जा रही हैं। इनमें से दो आतंकवादियों के मारे जाने की भी खबर है मगर पुलिस अभी उसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
घटना की जानकारी केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल को भी हो गई है। वे खुद पुलिस हेडक्वार्टर पर मौजूद हैं। वहां पर भारी मात्रा में पुलिस बल भेजा जा रहा है।