भीख मांगने वाला लड़का बना राष्ट्रीय खिलाड़ी
कोच्चि, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। कभी कोच्ची की सड़कों पर भीख मांगने वाला एक लड़का आज राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने जा रहा है।
स्थानीय 'जनसेवा बॉयज होम' में रहने वाले 14 वर्षीय राजा के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा है क्योंकि वह पंजाब में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सब-जूनियर फुटबाल टूर्नामेंट में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा।
राजा के साथियों ने शुक्रवार को उसे जोरदार विदाई दी। 'जनसेवा बॉयज होम' के प्रभारी बिपिन जोस ने आईएएनएस को बताया कि तमिलनाडु के निवासी राजा को 2003 में जबरन भीख मांगने के काम में लगा दिया गया था।
एक दिन जब वह भीख के तौर पर तय रकम नहीं जुटा पाया तो उसे बुरी तरह पीटा गया। इसके बाद राजा वहां से भागकर 'जनसेवा बायज होम' पहुंच गया।
बकौल जोस, "राजा अपनी उम्र से अधिक परिपक्व है। वह एनएसएस उच्च विद्यालय में कक्षा 8 में पढ़ता है। सबसे बड़ी बात यह है कि उसके अंदर कुछ करने की लालसा और जबरदस्त क्षमता है।"
जोस ने बताया कि राजा ने कोचीन सिटी फुटबाल अकादमी द्वारा संचालित फुटबाल प्रशिक्षण शिविर में शामिल होना शुरू कर दिया और आज वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहा है।
भारतीय फुटबाल टीम के पूर्व खिलाड़ी और राजा की टीम के कोच सी.सी. जैकब ने भी माना कि राजा के अंदर जबरदस्त प्रतिभा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।